VAISHALI / PATNA DESK –  वैशाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा के निर्देश पर और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस ने हाजीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर से आधा दर्जन (06) अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस टीम ने तस्करों के पास से कुल 22.724 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. इस बड़ी कामयाबी की जानकारी खुद एसपी शुभांक मिश्रा ने नगर थाने में मीडिया को दी. ट्रेन के बाथरूम में छिपाकर लाते थे खेप पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस अंतरराज्यीय गिरोह का तस्करी करने का तरीका बेहद शातिराना है। गिरोह के सदस्य हर शुक्रवार को बिहार से ट्रेन पकड़कर असम के गुवाहाटी होते हुए अगरतला (त्रिपुरा) जाते थे। वहां से गांजे की बड़ी खेप लेकर वे मंगलवार को वापसी की ट्रेन पकड़ते थे। पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्कर गांजे के पैकेटों को ट्रेन के टॉयलेट (बाथरूम) में छिपाकर रखते थे। मंगलवार को जैसे ही ये सभी तस्कर हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे और बैग लेकर स्टेशन परिसर से बाहर निकले, पहले से जाल बिछाकर बैठी पुलिस टीम ने इन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया. एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि नगर थाना पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि बिदुपुर और राघोपुर थाना क्षेत्र के कुछ युवक नियमित रूप से त्रिपुरा और असम से ट्रेन के जरिए गांजे की खेप लाकर वैशाली व आसपास के जिलों में सप्लाई कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में दंडाधिकारी और नगर थाना प्रभारी को शामिल कर एक संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया गया था। वैशाली पुलिस की इस त्वरित सतर्कता के कारण तस्करों की यह पूरी सप्लाई चेन समय रहते ध्वस्त हो गई। पूछताछ में पता चला है कि इस गांजे को वैशाली जिले के कई चयनित डीलरों को ऊंचे दामों पर बेचा जाना था. इनकी हुई है गिरफ्तारी पुलिस की इस कार्रवाई में पकड़े गए सभी 6 आरोपी वैशाली और पटना जिले के रहने वाले हैं. गिरफ्तार अभियुक्तों में वैशाली जिला के बिदुपुर थाना क्षेत्र के गोखुलपुर गांव निवासी जयनाथ राय, राघोपुर थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव निवासी सतीश कुमार राय, पप्पू कुमार राय, पटना जिला के नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाधोचक फतुहा गांव निवासी सुनील कुमार राय, वैशाली जिला के रुस्तमपुर थाना अंतर्गत रुस्तमपुर गांव निवासी मनीष कुमार राय शामिल हैं. अब पुलिस पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुटी है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में नगर थाने में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. गिरफ्तार किए गए सभी तस्करों से सघन पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है. 48