चकाई प्रखंड में एग्रो एकड़ जीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी की पांचवीं वार्षिक आम सभा आयोजित। वित्तीय वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा और 2026-27 की कार्ययोजना प्रस्तुत। पूरी खबर पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़ पर।
कंचन क्रांति न्यूज़, जमुई।
जिले के चकाई प्रखंड परिसर स्थित किसान भवन के सभागार में 'एग्रो एकड़ चकाई जीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड' की पांचवीं वार्षिक आम सभा (AGM) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही, आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। वर्तमान में इस कंपनी से 1,500 महिला किसान शेयरधारक जुड़ी हुई हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोड्यूसर कंपनी की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति कुमारी ने की।
वार्षिक आम सभा का उद्घाटन जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (चकाई) संजीव कुमार वर्मा और कंपनी की निदेशक ज्योति कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला कृषि विपणन पदाधिकारी, जिला सहायक कृषि विपणन पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, जीविका के अधिप्राप्ति प्रबंधक गणेश कुमार गुंजन सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां और सदस्य उपस्थित रहीं।
महिला किसानों को किया गया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने किसान उत्पादक कंपनी के माध्यम से किसानों को संगठित होकर कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कंपनी के बेहतर संचालन और भविष्य में इसके विस्तार के लिए सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। सभा के दौरान कंपनी की ऑडिट रिपोर्ट सभी गणमान्य पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों के समक्ष रखी गई, तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय व लेन-देन का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
पांच वर्षों की यात्रा और उपलब्धियां
कंपनी की निदेशक ज्योति कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कंपनी की स्थापना 27 जुलाई 2021 को हुई थी। पिछले पांच वर्षों के दौरान जिले के सभी दस प्रखंडों में समूह और ग्राम संगठनों की बैठकों के माध्यम से जीविका से जुड़ी महिला किसानों को कंपनी से जुड़ने, सामूहिक खरीद व विपणन, बेहतर बाजार तक पहुंच बनाने और अपनी आय बढ़ाने के अवसरों के प्रति लगातार जागरूक किया गया है। इसी का परिणाम है कि आज इस कंपनी में महिला शेयरधारकों की संख्या 1,500 तक पहुंच चुकी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और बहुमूल्य सुझाव दिए, जिसके पश्चात धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
...........................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822