धनबाद के भुईफोड़ स्थित ओला शोरूम के बाहर खराब सर्विसिंग और लगातार शिकायतों के बाद सुनवाई न होने से आक्रोशित एक ग्राहक ने अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात प्रभावित रहा।


धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले के भुईफोड़ स्थित ओला इलेक्ट्रिक शोरूम के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सर्विसिंग से परेशान एक ग्राहक ने गुस्से में आकर अपनी ही ओला स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते स्कूटी धू-धू कर जलने लगी, जिससे मुख्य सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटों और धुएं के गुबार के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी पूरी तरह प्रभावित रहा।


स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन मालिक अपनी ओला स्कूटी में आ रही तकनीकी कमियों और खराब सर्विसिंग की वजह से पिछले कई दिनों से परेशान था। वह कई बार भुईफोड़ स्थित ओला के अधिकृत सर्विस सेंटर और शोरूम के चक्कर लगा चुका था।


पीड़ित ग्राहक का आरोप था कि बार-बार शिकायत करने और पैसे खर्च करने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा था। शोरूम कर्मचारियों के टालमटोल वाले रवैये और घटिया सर्विस से आजिज आकर ग्राहक का धैर्य जवाब दे गया। सोमवार को शोरूम के बाहर ही उसने पेट्रोल छिड़ककर अपनी ही गाड़ी में आग लगा दी।


सड़क किनारे इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक भीषण आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में डर का माहौल कायम हो गया। बैटरी चालित वाहन होने के कारण लोगों को इसमें किसी बड़े विस्फोट की आशंका थी, जिससे लोग दूर हट गए।


आग लगने की इस घटना के कारण भुईफोड़ मुख्य मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई और कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारू कराया और मामले को शांत कराया।


देशभर में ओला इलेक्ट्रिक के ग्राहकों द्वारा खराब आफ्टर-सेल्स सर्विस और वाहनों में आ रही तकनीकी गड़बड़ियों को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। धनबाद की यह घटना कोई पहली वारदात नहीं है, इससे पहले भी देश के विभिन्न हिस्सों से ओला की घटिया सर्विसिंग से तंग आकर ग्राहकों द्वारा इस तरह के उग्र कदम उठाने की खबरें आती रही हैं।


पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के संबंध में शोरूम प्रबंधन व पीड़ित ग्राहक से पूछताछ की जा रही है।