चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर बिशनपुर मोड़ के समीप भोजपुर पुलिस के कैदी वाहन और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
कंचन क्रांति न्यूज, चकाई।
चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर बिशनपुर मोड़ के समीप कैदी लेकर जा रहे भोजपुर जिला पुलिस के वाहन और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के पिपरापघार गांव निवासी सुरेंद्र कुमार दास के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान ईश्वरी दास के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के रांगा गांव में एक श्राद्धकर्म में शामिल होने गए थे। वहां से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर बिशनपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे भोजपुर जिला पुलिस के कैदी वाहन से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
बताया जाता है कि भोजपुर पुलिस का वाहन देवघर के मोहनपुर से एक कैदी को लेकर भोजपुर लौट रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने अपने वाहन से दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुरेंद्र कुमार दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ईश्वरी दास की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया।
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था सुरेंद्र
हादसे में सुरेंद्र कुमार दास की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जाता है कि वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
इस संबंध में चंद्रमंडीह थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार ने बताया कि बिशनपुर मोड़ के समीप कैदी वाहन और बाइक के बीच टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
………………………………………………………………………………………..
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
