देवघर में गैंगेस्टर शिबू मिश्रा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत। अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने शव वापस लाकर कड़ी सुरक्षा के बीच सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम। पढ़ें पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज पर।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर नगर थाना क्षेत्र के गोविंद खवाड़े लेन निवासी 34 वर्षीय गैंगेस्टर शिवाशिष उर्फ शिबू मिश्रा पिता गिरिधारी मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

अचानक सीने में दर्द और अस्पताल ले जाने का मामला

एसपी प्रवीण पुष्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिबू मिश्रा की मौत उसके घर पर ही हुई थी। परिजनों के अनुसार, अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद परिवार के लोगों ने उसे सीपीआर दिया और तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने शव को वापस मंगाया

सूचना मिली थी कि मौत के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने घर ले गए थे। इसी बीच नगर थाना पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए परिजनों से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर शव को दोबारा सदर अस्पताल लाया, जहाँ कानूनी और विभागीय प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सदर अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना को लेकर नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि विभागीय आदेश और कानूनी प्रावधानों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाना अनिवार्य था। इसी के तहत परिजनों से समन्वय स्थापित कर शव को वापस अस्पताल लाया गया। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि मृतक शिबू मिश्रा के खिलाफ विभिन्न थानों में ढाई दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कुख्यात बाबा परिहस्त की मौत के बाद उसके गिरोह की कमान संभाल रहा था। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी, और पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822