पोड़ैयाहाट सीएचसी में नवजात की मौत पर पीड़ित परिवार से मिले विधायक प्रदीप यादव। कहा- केवल चालक पर कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बड़े अधिकारियों पर भी हो एक्शन। पढ़ें पूरी खबर

कंचन क्रांति न्यूज, पोड़ैयाहाट (गोड्डा)।

पोड़ैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कथित चिकित्सीय लापरवाही के कारण इस्माईल अंसारी के नवजात शिशु की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को पूरी निष्पक्षता से न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर लीपापोती न करे प्रशासन

विधायक प्रदीप यादव ने घटना को बेहद संवेदनशील बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में इस तरह की जानलेवा लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फिलहाल एंबुलेंस चालक को सेवामुक्त किया गया है, लेकिन केवल छोटे कर्मचारियों पर गाज गिराकर मामले की लीपापोती करना उचित नहीं है। यदि इस लापरवाही में अस्पताल प्रशासन या किसी बड़े अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी समान रूप से सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई होनी चाहिए।

विधायक की पहल पर निदेशक स्तर की जांच समिति गठित

विधायक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को तुरंत पत्र लिखकर उच्चस्तरीय निदेशक स्तर की जांच समिति गठित करने की मांग की थी। उनकी इस पहल पर त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विस्तृत जांच के लिए विशेष समिति का गठन कर दिया है।

विधायक श्री यादव ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जांच में जिस किसी भी स्तर पर दोषी की पहचान होगी, उस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि भविष्य में किसी अन्य गरीब परिवार के साथ ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना की पुनरावृत्ति न हो।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822