जमुई के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के हाबुनगर गांव में खेत में पानी देखने गए 50 वर्षीय किसान अमीरक यादव की निर्मम हत्या कर दी गई। अपराधियों ने धारदार हथियार से दोनों पैर काट दिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रवीण कुमार दुबे, जमुई।
जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र अंतर्गत हाबुनगर गांव में सोमवार की देर शाम एक 50 वर्षीय किसान की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मृतक की पहचान हाबुनगर गांव निवासी अमीरक यादव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
खेत में पानी देखने गए थे किसान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम करीब छह बजे अमीरक यादव अपने खेत में पानी देखने गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने घात लगाकर उन पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, अपराधियों ने धारदार हथियार (टांगी) से ताबड़तोड़ हमला कर उनके दोनों पैर काट दिए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस पर लगा देरी से पहुंचने का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब तीन घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
हत्या के पीछे की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस हत्याकांड का उद्भेदन किया जाए और इसमें शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।
.........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822