जमुई जिला उद्योग केंद्र में 'एमएसएमई केंद्र' का शुभारंभ। उद्यमियों को एक ही छत के नीचे सिंगल विंडो सुविधा और 'एमएसएमई मित्रों' का मिलेगा हैंडहोल्डिंग सपोर्ट।
कंचन क्रांति न्यूज, जमुई।
राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देने और जिला स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यव्यापी पहल के तहत सभी जिलों में 'एमएसएमई केंद्र' का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया है। इसी क्रम में जिला उद्योग केंद्र, जमुई में भी 'एमएसएमई केंद्र' का औपचारिक उद्घाटन किया गया, जो जिले के औद्योगिक परिदृश्य में एक मील का पत्थर साबित होगा।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं
इस नवस्थापित एमएसएमई केंद्र के माध्यम से जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम (MSME) उद्यमियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता और नीतिगत सुविधाओं का लाभ एक ही छत के नीचे 'सिंगल विंडो' व्यवस्था के तहत मिलेगा। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को आवेदन की प्रारंभिक प्रक्रिया से लेकर परियोजना के धरातल पर उतरने तक आवश्यक मार्गदर्शन, परामर्श और तकनीकी सहयोग प्रदान करना है।
'एमएसएमई मित्र' देंगे हैंडहोल्डिंग सपोर्ट
इस पूरी व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रशिक्षित 'एमएसएमई मित्रों' की भूमिका बेहद अहम होगी। ये एमएसएमई मित्र जिले के नए एवं संभावित उद्यमियों, महिला उद्यमियों तथा स्थानीय कारीगरों को उद्यम पंजीकरण, ZED प्रमाणीकरण, ODOP (एक जिला एक उत्पाद), क्लस्टर विकास, GeM पोर्टल ऑनबोर्डिंग और निर्यात प्रोत्साहन जैसी प्रक्रियाओं में प्रत्यक्ष सहयोग देंगे।
इसके साथ ही, PMEGP, PMFME, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और CGTMSE जैसी प्रमुख वित्तीय योजनाओं के अंतर्गत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने से लेकर बैंक ऋण स्वीकृत कराने तक की प्रक्रियात्मक कठिनाइयों को दूर करते हुए यह केंद्र उद्यमियों, बैंकों और संबंधित विभागों के बीच एक सशक्त समन्वय सेतु का कार्य करेगा।
युवाओं के लिए सृजित होंगे रोजगार के नए अवसर
जमुई में इस केंद्र के संचालन से जिले में 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' की अवधारणा को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। इससे स्थानीय संसाधनों का मूल्य संवर्धन होगा, उत्पादों को एक बड़ा बाजार मिलेगा और युवाओं के लिए स्वरोजगार व रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग केंद्र, जमुई ने जिले के सभी वर्तमान व भावी उद्यमियों से इस एमएसएमई केंद्र का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।
.....................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822