जमुई के टाउन थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने फेरी दुकानदार को मारी गोली। लगातार हो रही वारदातों से शहर में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता। पूरी खबर पढ़ें।
प्रवीण कुमार दुबे, जमुई।
जमुई जिले में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को टाउन थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव के पास बदमाशों ने मोबाइल छीनने का विरोध करने पर एक फेरी वाले को गोली मार दी। गोली फेरी दुकानदार की पीठ में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मोबाइल छीनने के दौरान हुआ विवाद:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को करीब 11:34 बजे फेरी का काम करने वाला युवक मांडू कुंदरी गांव के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। जब मांडू ने इसका विरोध किया, तो आक्रोशित बदमाशों ने उसपर गोली चला दी। घायल मांडू पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी रफीक का पुत्र बताया गया है। वह जमुई शहर के महीसौढ़ी में किराए के मकान में रहकर अन्य सात साथियों के साथ फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता है।
अस्पताल में भर्ती और पुलिस जांच:
घटना के तुरंत बाद घायल मांडू ने अपने साथी बब्बन शेख को फोन कर पूरी बात बताई। इसके बाद साथी मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता:गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले में छेड़छाड़, ज्वेलर्स की दुकान में चोरी और चेन स्नेचिंग जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन आपराधिक वारदातों के बीच इस ताजा गोलीकांड ने शहर की कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822