जमुई के निजी अस्पताल में 10 माह की बच्ची की मौत पर परिजनों का हंगामा। अस्पताल कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाकर सड़क की जाम। पढ़ें पूरी रिपोर्ट कंचन क्रांति न्यूज पर।
ए. आलम, जमुई।
जमुई शहर के अतिथि पैलेस के समीप स्थित डॉ. एस. एन. झा के निजी अस्पताल में बुधवार की देर शाम 10 माह की एक मासूम बच्ची की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और कर्मियों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए अतिथि पैलेस के समीप मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ननिहाल आई थी मासूम, दवा पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
मृत बच्ची की पहचान लखीसराय जिले के घोगी बरियारपुर निवासी कार्तिक पांडेय की 10 माह की पुत्री त्रिशा कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची जमुई के नारडीह स्थित अपने ननिहाल आई हुई थी।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए डॉ. एस. एन. झा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि शाम के समय बच्ची को एक दवा पिलाई गई, जिसके तुरंत बाद उसे उल्टियां होने लगीं और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
अस्पताल कर्मियों पर मारपीट का आरोप, सड़क पर लगा जाम
बच्ची की मौत से व्यथित परिजन जब अस्पताल प्रबंधन से बात करने पहुंचे, तो उनका आरोप है कि अस्पताल के कर्मियों ने पहले बात सुनने का आश्वासन दिया, लेकिन फिर अचानक महिला व पुरुष परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं दूसरी ओर, इस झड़प में निजी अस्पताल का एक कर्मी भी बुरी तरह घायल बताया जा रहा है, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद अतिथि पैलेस के पास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन डॉक्टर और दोषी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। फिलहाल बच्ची की मौत के सटीक कारणों और मारपीट के दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822