जमुई सदर अस्पताल में महिला डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता की मौत। प्रसव कक्ष में डॉक्टर न होने पर परिजनों का आक्रोश। पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज की रिपोर्ट।

कंचन क्रांति न्यूज, जमुई।

व्यवस्था की संवेदनहीनता और लापरवाही ने एक बार फिर एक हंसते-खेल्ते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया है। जमुई सदर अस्पताल के प्रसव कक्ष में ड्यूटी के दौरान महिला चिकित्सक के गायब रहने के कारण एक प्रसूता की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। समय पर इलाज मिल जाता, तो शायद आज जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित होते, लेकिन अस्पताल की लचर व्यवस्था ने दोनों की सांसे छीन लीं।

मृतका की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के नरियाना गांव निवासी सुजीत कुमार की 28 वर्षीय पत्नी अनिता कुमारी के रूप में हुई है। यह उनका तीसरा प्रसव था। इस दर्दनाक घटना के बाद से परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन व ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक पर हत्या के समान लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।

रात 11 बजे पहुंचे थे अस्पताल, सुबह तक नहीं आई डॉक्टर

मृतका के पति सुजीत कुमार ने दर्द बयां करते हुए बताया कि शनिवार की देर रात अनिता को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। परिजन तुरंत उसे लेकर खैरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल, जमुई रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार, वे रात करीब 11 बजे अनिता को लेकर सदर अस्पताल पहुंच गए थे। लेकिन हद तब हो गई जब अस्पताल के प्रसव कक्ष में एक भी महिला चिकित्सक मौजूद नहीं मिलीं। ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने सिर्फ औपचारिकता निभाते हुए मरीज की सामान्य जांच की और डॉक्टर के आने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद पूरी रात बीत गई, लेकिन सुबह तक कोई भी महिला चिकित्सक सुध लेने नहीं पहुंची।

सुबह 5 बजे तोड़ा दम, डॉक्टर पहुंचीं ठीक एक घंटे बाद

इधर, अस्पताल के फर्श पर तड़प रही अनिता की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। परिजन हाथ जोड़े डॉक्टर का इंतजार करते रहे, लेकिन चिकित्सकीय मदद न मिलने के कारण रविवार की सुबह करीब 5 बजे प्रसूता ने दम तोड़ दिया। सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि मौत के ठीक एक घंटे बाद, यानी सुबह 6 बजे डॉ. शालिनी अस्पताल पहुंचीं। इस त्रासद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा अस्पताल परिसर गम व गुस्से से भर गया है।

अस्पताल प्रबंधन का रटा-रटाया जवाब

इस पूरे मामले पर जब सदर अस्पताल के उपाधीक्षक (DS) डॉ. थनीष कुमार से बात की गई, तो उनका कहना था कि मामले की जानकारी मिल गई है और जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ड्यूटी से गायब रहने वाली महिला डॉक्टर पर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही यह भी बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है।

 ..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822