सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर धरसंडा मोड़ के समीप मां नेतुला मंदिर से पूजा कर लौट रही दो किशोरियों को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

कंचन क्रांति न्यूज, सिकंदरा (जमुई)।

मंगलवार की अहले सुबह करीब 4 बजे सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर धरसंडा मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरियों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों किशोरियां शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां नेतुला मंदिर (कुमर) में पूजा-अर्चना कर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान नवादा की ओर से आ रहे एक अज्ञात अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मृत किशोरियों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी मनोज यादव की 13 वर्षीय पुत्री सुलेखा कुमारी तथा सकेंद्र यादव की 16 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में की गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृत बच्चियों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

नवरात्र में पूजा कर पैदल लौट रही थीं दोनों किशोरियां

ज्ञात हो कि शारदीय नवरात्र के दौरान मां नेतुला मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए प्रतिदिन अहले सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल पहुंचते हैं। मंगलवार की सुबह भी सुलेखा और अंशु मंदिर गई थीं। पूजा के बाद जब वे पैदल घर लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के वक्त सड़क पर कई अन्य श्रद्धालु भी मौजूद थे, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने किया मुख्य चौराहा जाम

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पहले घटनास्थल पर लगभग दो घंटे तक सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जब वहां कोई ठोस समाधान नहीं निकला, तो गुस्साए लोगों ने सिकंदरा मुख्य चौराहे को चारों तरफ से पूरी तरह जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण और परिजन जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों (डीएम और एसपी) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम हटाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास जारी थे।

.................................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822