काठीकुंड थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस और डॉग स्क्वाड टीम मामले की जांच में जुटी है
दुमका। झारखंड के दुमका जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव के पास झाड़ियों से 9वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा का शव बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। दुमका सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस बल और डॉग स्क्वाड की टीम ने देर रात ही घटनास्थल पर पहुंचकर गहन छानबीन की और साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह घटना सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) का परिणाम है या अकेले दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले के हर पहलू बारीकी से खंगाल रहे हैं। घटनास्थल के हालात और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का मुख्य दारोमदार अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिका हुआ है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह साफ हो पाएगा कि मौत की असली वजह क्या है और मृतका के साथ किस प्रकार की दरिंदगी को अंजाम दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822