साहेबगंज के रांगा थाना क्षेत्र स्थित संत जेवियर्स स्कूल में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई। आरोपी गार्ड और संरक्षण देने वाले डायरेक्टर गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज। कंचन क्रांति न्यूज पर पढ़ें फॉलोअप रिपोर्ट

कंचन क्रांति न्यूज, साहेबगंज।

 साहेबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र के छोटा दुर्गापुर स्थित संत जेवियर्स स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी स्कूल के गार्ड और घटना को दबाने तथा आरोपी को संरक्षण देने के आरोप में स्कूल के डायरेक्टर को गिरफ्तार कर बुधवार शाम न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

गमछा ठुसकर और चाकू के बल पर डराकर बनाया हवस का शिकार

मामले को लेकर पीड़िता की मां ने रांगा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दर्ज प्राथमिकी में यह खुलासा हुआ है कि स्कूल के गार्ड ने बीते 4 अगस्त 2026 को नाबालिग छात्रा के मुंह में गमछा ठुसकर और चाकू का भय दिखाकर जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि इससे पहले भी आरोपी द्वारा 6-7 बार जबरन गलत काम किया गया था। जान से मारने की धमकी के कारण डरी-सहमी पीड़िता ने डर के मारे यह बात किसी को नहीं बताई थी।

 तबीयत बिगड़ने पर खुला राज, प्रिंसिपल और डायरेक्टर पर दबाब बनाने का आरोप

 घटना का खुलासा तब हुआ जब अचानक छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी और स्कूल प्रशासन द्वारा उसकी मां को बुलवाया गया। मां के आने पर डरी हुई छात्रा ने रोते हुए आपबीती सुनाई।

 पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि घटना की जानकारी जब स्कूल की एक मैडम और प्रिंसिपल को दी गई, तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें घटना की पुष्टि हुई। इसके बाद बीते 9 सितंबर को उस मैडम के साथ पीड़िता को मेडिकल जांच और इलाज के लिए मालदा भेजा गया। वापस लौटने पर स्कूल के प्रिंसिपल और डायरेक्टर ने पीड़िता पर यह दबाव बनाया कि वह इस घटना की किसी से चर्चा न करे। साथ ही, मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

 थाना प्रभारी का बयान और पुलिस की आगे की कार्रवाई

 रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि पीड़िता के माता-पिता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं के तहत प्राचार्य समेत तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्तों साहेबराम लोहरा और जफर शेख को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 पुलिस अब इस मामले में खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की गहन छानबीन में जुटी है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी बेनकाब किया जा सके।