जमुई सदर अस्पताल में गर्भवती और प्रसूता की मौत के बाद मंत्री श्रेयसी सिंह के कड़े तेवर। ड्यूटी से गायब महिला डॉक्टर और डीएस को लगाई फटकार, एफआईआर के निर्देश।

ए. आलम, जमुई:

 जमुई सदर अस्पताल में ड्यूटी से रातभर महिला चिकित्सक डॉ. शालिनी सिंह के गायब रहने के कारण एक गर्भवती और एक प्रसूता की मौत की सूचना मिलते ही खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह रविवार की दोपहर बाद अचानक सदर अस्पताल पहुँच गईं। अस्पताल में मरीजों और परिजनों से घटना की जानकारी मिलने के बाद मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को जमकर आड़े हाथों लिया।

डीएस और चिकित्सकों को लगाई कड़ी फटकार

मंत्री श्रेयसी सिंह ने अनुपस्थित महिला चिकित्सक डॉ. शालिनी सिंह को लेकर सदर अस्पताल उपाधीक्षक (DS) डॉ. थनीष कुमार और इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों को कड़ी फटकार लगाई। मंत्री की इस डांट-फटकार का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस दौरान अस्पताल परिसर में मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

दोषियों पर होगी FIR और सख्त कार्रवाई: मंत्री

घटना का जायजा लेने के बाद मंत्री ने सदर अस्पताल उपाधीक्षक को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया और इसके बाद सीधे डीएम आवास पहुँचीं। उन्होंने लापरवाह महिला चिकित्सक डॉ. शालिनी सिंह और अन्य दोषी स्वास्थ्य कर्मियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।

 वहीं, इस पूरे मामले पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि घटना की जाँच के लिए एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। पूरी रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




 ..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822