छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। एसआईटी की पूछताछ में एक संदिग्ध द्वारा संलिप्तता स्वीकार करने की बात सामने आई है। जानिए इस सनसनीखेज मामले की पूरी डिटेल


दुमका। जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवी की छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और उसकी निर्मम हत्या के मामले में पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे लगातार पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए युवक ने इस जघन्य घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

घटना के सामने आने के बाद से ही पुलिस अधीक्षक (SP) पीतांबर सिंह खेरवार खुद काठीकुंड थाना में कैंप किए हुए हैं और हर एक पहलू पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। डीआईजी के निर्देशानुसार मामले के जल्द और निष्पक्ष उद्भेदन के लिए एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। यह टीम लगातार संदिग्धों की तलाश और तकनीकी अनुसंधान में जुटी है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने एक दिन पहले भी तीन संदेहियों को हिरासत में लिया था, जिनसे लंबी पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। इसके बाद, बीती देर रात एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे अहम सुराग हाथ लगे हैं।

इस वीभत्स घटना को लेकर पूरे इलाके में भारी रोष व्याप्त है। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्राओं और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया था और सड़क जाम कर आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग की थी। जनता के बढ़ते दबाव और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतना चाहता है।

सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले को लेकर आज एक आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकता है, जिसमें घटना की पूरी सच्चाई, आरोपी की संलिप्तता और अब तक की गई कार्रवाई का खुलासा किया जा सकता है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822