टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले 3 शूटरों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस और AGTF की संयुक्त कार्रवाई में एक नाबालिग समेत तीन आरोपी धरे गए। पढ़ें पूरी विस्तृत खबर
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना के मामले में पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजस्थान के कोटा से इस मामले में संलिप्त तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि अन्य दो की पहचान ऋतिक कुमार और रेहान के रूप में हुई है। पुलिस वर्तमान में तीनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस हमले के पीछे किसका हाथ था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह हमला किसी पेशेवर और प्रशिक्षित गैंग द्वारा प्लान किया गया था। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले अभिनेता की गतिविधियों की पूरी रेकी (निगरानी) की थी।
हमलावरों को पुख्ता जानकारी थी कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ हर रविवार को जुहू फुटबॉल ग्राउंड आते हैं। उन्होंने इसी बात का फायदा उठाया और उस समय को चुना जब अभिनेता अपनी कार में बैठकर वापस लौट रहे थे।
गोलीबारी को अंजाम देने के बाद शूटरों ने पहले से तय किए गए रूट का इस्तेमाल किया। वे एसवी रोड से होते हुए विले पार्ले और अंधेरी की ओर भागे। इसके बाद उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल छोड़ी और बोरीवली की तरफ जाने वाली लोकल ट्रेन पकड़ ली।
शुरुआती खुफिया इनपुट से पता चला था कि आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए मुंबई से ट्रेन के जरिए फरार हो गए थे। वे महाराष्ट्र की सीमा पार करके गुजरात में दाखिल हुए और वहां से राजस्थान की तरफ बढ़ रहे थे।
मुंबई पुलिस से मिले सटीक इनपुट के आधार पर राजस्थान एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और कोटा सिटी पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया। ये तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन में बैठकर सफर कर रहे थे, तभी कोटा रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने इन्हें धर दबोचा।
यह आरोपी मूल रूप से पिपराई, जिला बेगूसराय (बिहार) का रहने वाला है। वर्तमान में यह मुंबई के अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास गिल बर्ली में रहता था और रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता था।
यह आरोपी ईदगाह कॉलोनी, थाना सदर, जिला सोनीपत (हरियाणा) का रहने वाला है। तीसरा आरोपी विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे। उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और सरकार की ओर से हरसंभव सुरक्षा व सहयोग का भरोसा दिलाया।
डिप्टी सीएम शिंदे ने मीडिया को बताया कि टाइगर के बाएं हाथ में गनपाउडर और कांच के टुकड़ों से मामूली चोटें आई हैं। इस घटना के बाद अभिनेता और उनकी मां आयशा श्रॉफ दोनों ही गहरे सदमे में हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि सार्वजनिक हस्तियों को दी जाने वाली धमकियों और ऐसी वारदातों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और इस मामले में शामिल सभी लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822