पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में 'स्वच्छता ही सेवा 2026' के तहत सफाई मित्र सुरक्षा व स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित। जसीडीह, दुर्गापुर और आसनसोल में सफाई कर्मियों को बांटी गई सुरक्षा किट और मिला सम्मान। पढ़ें रिपोर्ट।
कंचन क्रांति न्यूज, आसनसोल।
कंचन क्रांति न्यूज के लिए आसनसोल से विशेष रिपोर्ट। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा 30 सितंबर 2026 को मंडल के विभिन्न रेलवे अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों, स्टेशनों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में ‘सफाई मित्र सुरक्षा शिविर एवं सम्मान शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसरों में दिन-रात स्वच्छता बनाए रखने वाले सफाई एवं हाउसकीपिंग कर्मियों के स्वास्थ्य, कार्यस्थल सुरक्षा और उनके कल्याण पर विशेष ध्यान देना था।
स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श
इस विशेष अभियान के तहत आसनसोल, दुर्गापुर, बराकर, मधुपुर, जसीडीह, अंडाल, पानागढ़ और सीतारामपुर समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों व स्वास्थ्य इकाइयों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। मंडल रेल अस्पताल, आसनसोल में आउटसोर्स हाउसकीपिंग कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित हुआ, जिसमें लंबाई, वजन, बॉडी मास इंडेक्स (BMI), रैंडम ब्लड शुगर और रक्तचाप (BP) की जांच की गई। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा प्रतिभागियों को स्वस्थ आहार, संतुलित जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य देखभाल (Preventive Healthcare) के संबंध में बहुमूल्य परामर्श भी दिए गए। इसके अलावा पानागढ़ और आसनसोल ट्रैफिक स्वास्थ्य इकाई में भी दर्जनों हाउसकीपिंग सहायकों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
सुरक्षा उपकरणों (PPE Kits) का वितरण
कार्यस्थल पर सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर हाउसकीपिंग सहायकों, सुपरवाइजरों और कर्मियों को उनकी कार्य प्रकृति के अनुरूप व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE Kits) वितरित किए गए। इनका वितरण आसनसोल, दुर्गापुर, मधुपुर, जसीडीह, रानीगंज, चित्तरंजन और मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय परिसर में किया गया, ताकि सफाई कार्य के दौरान कर्मियों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।
सफाई मित्रों का सम्मान और सघन स्वच्छता अभियान
'सम्मान शिविर' के माध्यम से रेलवे स्टेशनों और परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई एवं हाउसकीपिंग कर्मियों के उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया गया। मंडल रेल अस्पताल आसनसोल में कर्मियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान के तहत दुर्गापुर, पाण्डबेश्वर और सिउड़ी रेलवे स्टेशनों पर सफाई कर्मियों की सक्रिय सहभागिता के साथ सघन स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस आयोजन के माध्यम से रेलवे ने अपने सफाई मित्रों के प्रति आभार जताते हुए कार्यस्थल सुरक्षा और बेहतर साफ-सफाई के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
...........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822