दुमका से 19 अक्टूबर को लापता हुए दो बच्चों के शव गोड्डा के कुएं से बरामद। मां राखी देवी पुलिस हिरासत में, पूछताछ जारी


दुमका। नगर थाना क्षेत्र से कुछ दिनों पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुए दो मासूम बच्चों के शव गोड्डा जिले से बरामद किए गए हैं। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। दोनों बच्चों के शव गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सलगाटांड़ के एक कुएं से मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में एक बच्चे की मां को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्चों की पहचान 11 वर्षीय आयुष कुमार और 8 वर्षीय आरब कुमार के रूप में हुई है। इनमें आयुष महिला राखी देवी का अपना बेटा था, जबकि आरब उसका भतीजा था। दोनों बच्चे पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलियाडंगाल गांव के रहने वाले थे।

बच्चों के पिता और परिजनों द्वारा दुमका नगर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, यह पूरी घटना 19 अक्टूबर की है।

विक्रांत सिंह ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि 19 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी, दो भतीजियों, एक भतीजे और अपने पुत्र के साथ सरैयाहाट जाने के लिए घर से निकले थे।

यात्रा के दौरान सभी लोग पहले 'चुटोनाथ पार्क' गए। वहां से लौटने के बाद वे 'सेल्फी ब्रिज' पहुंचे।

इसके बाद उन्होंने नगर थाना के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास अपनी कार खड़ी की और सभी पास के एक धर्मस्थल पर मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन करने गए। दर्शन के बाद वे वापस पेट्रोल पंप के पास लौटे और एक फास्ट फूड की दुकान पर खाने-पीने लगे। इसी दौरान विक्रांत सिंह अपनी गाड़ी के पास खड़े हो गए।

कुछ देर बाद उनकी एक भतीजी तो वापस गाड़ी के पास आ गई, लेकिन विक्रांत की पत्नी (राखी देवी) और दोनों बच्चे (आयुष व आरब) वापस नहीं लौटे।

काफी देर तक जब वे नहीं लौटे, तो भतीजी ने राखी देवी के मोबाइल पर संपर्क किया। फोन पर राखी ने कुछ देर में लौटने की बात कही, लेकिन इसके बाद भी वे नहीं आए और कुछ समय बाद उनका मोबाइल फोन भी पूरी तरह से बंद हो गया।

पत्नी और बच्चों के अचानक इस तरह लापता होने से घबराए विक्रांत सिंह ने तत्काल दुमका नगर थाना पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई थी।

शिकायत दर्ज होने के बाद से ही पुलिस लगातार बच्चों और महिला की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर पुलिस गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगाटांड़ (कनकटी टोला) पहुंची, जहां एक कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए।

इस मामले में पुलिस ने बच्चों में से एक की मां राखी देवी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हत्या है, आत्महत्या है या इसके पीछे की असल वजह क्या है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822