रायबरेली में किस्त के विवाद में युवक को नाले में गिराकर पीटने का वीडियो वायरल हुआ। दूसरी ओर, सलोन में घर में घुसकर मारपीट के मामले में तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में किस्त जमा नहीं करने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों पर दो दोस्तों के साथ मारपीट करने का आरोप है। इस दौरान एक युवक को कथित तौर पर जबरन नाले में गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, दूसरी घटना में घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

किस्त के विवाद में दो दोस्तों की पिटाई

पहली घटना रविवार रात मालिकमऊ चौराहे के पास की है। बताया गया है कि किस्त जमा नहीं करने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने दो दोस्तों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान एक युवक को जबरन नाले में गिरा दिया गया और फिर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। मारपीट में दोनों दोस्तों को चोटें आई हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

सीओ सदर आशीष निगम के अनुसार, मामले में भटपुरवा निवासी अतुल शर्मा, दीपक सिंह उर्फ कंजड़ और चौहान नामक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच मिल एरिया थाना प्रभारी कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

घर में घुसकर मारपीट, तीन लोगों पर प्राथमिकी

दूसरी घटना सलोन क्षेत्र की है। यहां रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

ग्राम पूरे शुक्ल, मजरे जगतपुर परशुरामपुर निवासी पवन कुमार जायसवाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 21 अक्टूबर की शाम रमेश्वर, दशरथ और धर्मेंद्र उनके घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की।

पवन कुमार के मुताबिक, परिवार के सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मामले में सीओ यादुवेंद्र पाल ने बताया कि जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक देविश चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822