गोरखपुर में जालसाज दूल्हे का पर्दाफाश! एक ही दिन दो लड़कियों से तय की शादी, पहली मंगेतर से बचने के लिए खुद को बताया 'मृत'। मंडप में पोल खुलने पर दोनों दुल्हनों ने किया इनकार, आरोपी हिरासत में।
कंचनक्रांति ब्यूरो, गोरखपुर:
गोरखपुर में 'शातिर दूल्हे' की ठगी और धोखेबाजी का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे। एक युवक ने शातिर दिमाग लगाते हुए एक ही तारीख (बुधवार, 1 जुलाई) को दो अलग-अलग लड़कियों से शादी तय कर ली। हद तो तब हो गई जब उसने पहली मंगेतर के परिवार से पीछा छुड़ाने के लिए खुद की 'मौत' का झूठा नाटक तक रच डाला। लेकिन कहते हैं न कि पाप का घड़ा एक दिन भरता ही है, शादी के दिन ही इस 'फर्जी शिक्षक' की पोल खुल गई और वह सीधे मंडप से पुलिस थाने पहुंच गया।
धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद दोनों दुल्हनों ने इस जालसाज से शादी करने से साफ इनकार कर दिया है और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जाति छिपाई, प्रेम जाल में फंसाया और ऐंठे 50 हजार
आरोपी युवक मूल रूप से बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है और खुद को एक निजी स्कूल का शिक्षक बताता था। उसने गोरखपुर में दूसरी जाति की एक युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी के लिए राजी कर लिया। इस दौरान उसने लड़की वालों का भरोसा जीतकर दहेज के नाम पर 50 हजार रुपये नकद भी ऐंठ लिए। दोनों पक्षों की सहमति से 1 जुलाई को मूड़घाट स्थित एक मैरिज हॉल में शादी तय हुई थी।
खुद को बताया 'मुर्दा', उधर दूसरी शादी की चल रही थी तैयारी
शादी की तारीख नजदीक आते ही युवक ने एक खौफनाक चाल चली। उसने लड़की (चौहान परिवार) वालों को खबर भिजवा दी कि सड़क हादसे या किसी कारणवश उसकी 'मौत' हो गई है। शादी वाले घर में मातम छा गया। लेकिन इसी बीच लड़की को शक हुआ और उसने अपने स्तर से पड़ताल की, तो पता चला कि दूल्हा महोदय न सिर्फ जिंदा हैं, बल्कि उसी तारीख (1 जुलाई) को सिविल लाइंस स्थित एक दूसरे मैरिज हॉल में बारात लाने की तैयारी कर रहे हैं।
दूसरी लड़की से भी ऐंठे थे ₹1.5 लाख, सजातीय होने का किया था दावा
जांच में यह भी सामने आया कि युवक ने अपनी असल जाति छिपाकर पहली लड़की से रिश्ता जोड़ा था। वहीं, जिस दूसरी लड़की से वह शादी करने जा रहा था, वह उसकी अपनी बिरादरी की थी। शातिर ने उस परिवार को भी नहीं बख्शा और शादी तय करने के नाम पर उनसे भी डेढ़ लाख रुपये की भारी-भरकम रकम वसूल कर ली थी।
मंडप के बजाय कोतवाली पहुंची पहली मंगेतर, खुल गया राज
बुधवार को जब युवक शान से अपनी दूसरी शादी के मंडप में बैठने की तैयारी कर रहा था, तभी पहली मंगेतर कोतवाली पुलिस को लेकर मौके पर धमक गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों और दूल्हे राजा को थाने बुला लिया।
सीओ सिटी सतेन्द्र भूषण के सामने खुला राज: क्षेत्राधिकारी नगर सतेन्द्र भूषण की मौजूदगी में जब तीनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ शुरू हुई, तो युवक की सारी हेर-फेर और जालसाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
दोनों दुल्हनों ने ठुकराया रिश्ता, अब खाएगा जेल की हवा
थाने में जैसे ही युवक का असली चेहरा सामने आया, दोनों युवतियों ने हिम्मत दिखाई और ऐसे धोखेबाज व्यक्ति के गले में वरमाला डालने से साफ इनकार कर दिया। दोनों पीड़ित परिवारों ने युवक के खिलाफ धोखाधड़ी और ठगी की लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की कानूनी जांच की जा रही है।
....................................................................................................................................
Keywords - गोरखपुर क्राइम न्यूज़, Gorakhpur Crime News, एक ही दिन दो शादी तय, Two Marriages On Same Day Case, फर्जी दूल्हा गिरफ्तार, Fake Groom Arrested Gorakhpur, सीओ सिटी सतेन्द्र भूषण, CO City Satendra Bhushan, शादी में धोखाधड़ी मामला, Marriage Fraud Case UP
