कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
बिहार पुलिस की प्रशासनिक और कार्यकारी क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस एवं गृह विभाग के विभिन्न संवर्गों में कार्यरत कुल 9,187 अधिकारियों और कर्मियों को प्रोन्नति के साथ कार्यकारी प्रभार प्रदान किया गया है। यह प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 से अब तक पूरी की गई है। इसके तहत सिपाही संवर्ग से लेकर पुलिस निरीक्षक और डीएसपी स्तर तक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
संगठन में समय पर प्रोन्नति मिलने से न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि विभाग में नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक दक्षता का भी विकास होता है। बिहार सरकार की इस पहल को पुलिस व्यवस्था में कार्यकुशलता बढ़ाने और विभिन्न स्तरों पर रिक्त नेतृत्व संबंधी जिम्मेदारियों को पूरा करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, सामान्य पुलिस संवर्ग में एसएलसी से हवलदार के पद पर 79 कर्मियों को कार्यकारी प्रभार दिया गया है। वहीं, पीटीसी से सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पद पर 1,545 और सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर 6,800 कर्मियों को प्रोन्नति दी गई है। इसके अलावा पुलिस अवर निरीक्षक से पुलिस निरीक्षक के पद पर एक तथा पुलिस निरीक्षक से पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर 88 अधिकारियों को कार्यकारी प्रभार सौंपा गया है।
परिवहन संवर्ग में भी अधिकारियों-कर्मियों को मिली जिम्मेदारी
पुलिस के परिवहन संवर्ग में भी प्रोन्नति की प्रक्रिया के तहत कई पदों पर कार्यकारी प्रभार दिया गया है। इसमें चालक हवलदार के पद पर 218, सहायक अवर निरीक्षक (परिवहन) के पद पर 107, पुलिस अवर निरीक्षक (परिवहन) के पद पर 45 और पुलिस निरीक्षक (परिवहन) के पद पर 31 कर्मियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। इससे पुलिस परिवहन व्यवस्था के संचालन और निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
विशेष एवं तकनीकी संवर्ग के कर्मियों को भी अवसर
विशेष संवर्गों में भी प्रोन्नति का लाभ दिया गया है। प्रा०अ०नि० से प्रा०पु०नि० के पद पर 112, आशु स०अ०नि० से आशु अ०नि० के पद पर 103 तथा आयुधिक हवलदार से आयुधिक अवर निरीक्षक के पद पर 50 कर्मियों को कार्यकारी प्रभार प्रदान किया गया है। इससे विशेष और तकनीकी कार्यों से जुड़े संवर्गों में भी जिम्मेदारियों का बेहतर वितरण संभव होगा।
लिपिकीय एवं कार्यालय संवर्ग में भी प्रोन्नति
पुलिस एवं गृह विभाग के लिपिकीय और कार्यालय संवर्ग में कार्यरत कर्मचारियों को भी प्रोन्नति का अवसर दिया गया है। इसके तहत निम्नवर्गीय लिपिक से उच्चवर्गीय लिपिक के पद पर दो, उच्चवर्गीय लिपिक से प्रधान लिपिक के पद पर एक तथा कार्यालय परिचारी से निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर पांच कर्मियों को कार्यकारी प्रभार दिया गया है।
कुल मिलाकर, विभिन्न संवर्गों में 9,187 अधिकारियों और कर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने की यह पहल बिहार पुलिस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे अनुभवी कर्मियों को उच्च पदों पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, पुलिस प्रशासन में जवाबदेही, नेतृत्व और कार्य निष्पादन की गति बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

