कंचन क्रांति न्यूज, जमुई।

जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाड़ी पंचायत के लकड़ा गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय सरजू बेसरा और उनकी 65 वर्षीय पत्नी सांझली हंसदा के रूप में हुई है। दंपति की कोई संतान नहीं थी।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव के परिजनों को घटना की जानकारी मिली थी, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना शाम करीब पांच बजे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार, बटिया थानाध्यक्ष सुजाता प्रसाद, एसआई नंदन कुमार सहित पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। हालांकि, हत्या के कारणों को लेकर परिजन फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बताने से परहेज करते नजर आए।

घटनास्थल पर बुजुर्ग दंपति के शव अलग-अलग खाट पर पड़े मिले। पुलिस ने शवों के समीप से कुछ कपड़े और हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला धारदार चाकू बरामद किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

बीती रात हत्या की आशंका

इस दोहरे हत्याकांड को लेकर झाझा के एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि लकड़ा गांव में बुजुर्ग दंपति सरजू बेसरा और सांझली हंसदा की किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला रेतकर हत्या कर दी है। घटनास्थल से एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में घटना बीती रात की प्रतीत हो रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से अनुसंधान कर रही है। जल्द ही हत्या के कारणों का पता लगाकर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जाएगी।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822