खेत में फसल देखने गए थे दोनों, जर्जर हाईटेंशन तार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश; तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया, ससुर-पुतोहू की मौत से गांव में मातम

जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।

गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में गुरुवार को बिजली विभाग की लापरवाही के आरोपों के बीच एक दर्दनाक हादसे में ससुर और पुतोहू की जान चली गई। खेत में लगी फसल देखने गए दोनों 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान अमरपुर निवासी कन्हाई मंडल (74), पिता स्वर्गीय जूठन मंडल और उनकी पुतोहू पुतुल देवी (45), पत्नी सुदेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। दोनों खेती-किसानी करते थे। गुरुवार को भी वे रोजाना की तरह अपने खेत में लगी फसल देखने गए थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से दोनों की जान चली गई।

तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

इस हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुतुल देवी अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। मां की अचानक मौत से तीनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। वहीं, परिवार ने एक साथ दो सदस्यों को खो दिया है। घटना के बाद से परिजनों के बीच चीख-पुकार मची हुई है। अमरपुर गांव में भी शोक का माहौल है।

जर्जर बिजली तार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने हाईटेंशन बिजली तार की जर्जर स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। भाजपा नेता बबलू सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने जर्जर बिजली तारों की स्थिति पर नाराजगी जाहिर की।

वहीं, पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजू महतो ने भी बिजली विभाग के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईटेंशन तार की खराब स्थिति को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने जरूरी कदम उठाए होते, तो संभवतः इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली जानकारी

घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। गुरुवार शाम तक दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाए गए। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से अमरपुर गांव में शोक की लहर है।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822