झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का आयोजन नवंबर में दो पालियों में होगा। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र और अन्य दिशा-निर्देश की पूरी जानकारी यहां पढ़ें


रांची। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की ओर से बहुप्रतीक्षित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 (जेटेट) की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। राज्य भर में इस परीक्षा का आयोजन आगामी 1 नवंबर को विभिन्न निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए परिषद ने दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

झारखंड अधिविद्य परिषद के अनुसार, परीक्षा दो पालियों (Shifts) में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली (उच्च प्राथमिक स्तर - कक्षा 6 से 8) सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली (प्राथमिक स्तर - कक्षा 1 से 5) दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक।

परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र (Admit Card) डाउनलोड कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक या अन्य किसी माध्यम से अभ्यर्थियों के घर नहीं भेजा जाएगा, इसे ऑनलाइन ही प्राप्त करना होगा।

अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ठीक दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। दोनों ही पालियों में परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मूल पहचान पत्र (Original ID Proof): परीक्षा हॉल में प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र के साथ एक मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। पहचान पत्र की केवल छायाप्रति (Photocopy) मान्य नहीं होगी।

परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (जैसे मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्टवॉच आदि) ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी तथा दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा में 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसके अलावा, निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले अभ्यर्थी श्रुतिलेखक (Scribe) की सुविधा भी प्राप्त कर सकेंगे।

इसके लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय में अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र और आवेदन जमा करना होगा।

नियमों के अनुरूप श्रुतिलेखक की अनुमति जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा दी जाएगी और इसकी सूचना केंद्राधीक्षक के माध्यम से परिषद को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

परिषद ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें ताकि परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822