कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति पंडाल में महासप्तमी की शाम भगदड़ और हादसे में 17 लोगों की मौत, 35 घायल। मुख्यमंत्री और नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा।
नितिन कुमार दुबे, कोलकाता।
कोलकाता में दुर्गा पूजा की सप्तमी की शाम एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। चोरबागान सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के पंडाल में महासप्तमी की शाम अचानक भारी भीड़ और बारिश के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे भीषण हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 17 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य तुरंत अस्पताल पहुंचे और घायल लोगों का कुशलक्षेम जाना तथा पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।

प्रत्यक्षदर्शियों और पूजा आयोजकों के अनुसार, सप्तमी की शाम मां दुर्गा के दर्शन के लिए पंडाल में तिल रखने की भी जगह नहीं बची थी। शाम करीब 7:30 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे बाहर खड़े लोग बचने के लिए तेजी से पंडाल के अंदर घुसने लगे। देखते ही देखते भारी भीड़ के दबाव और पंडाल के एक हिस्से के प्रभावित होने या स्ट्रक्चर से जुड़ी आशंका के बीच भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे और एक-दूसरे पर गिरने लगे। इस पूजा समिति की इस वर्ष की थीम 'अरवा' (Beyond Sound) थी, जिसे देखने के लिए भारी तादाद में दर्शक पहुंचे थे।
स्थानीय लोगों ने उठाए प्रबंधन पर गंभीर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों और विजिटर्स ने आयोजकों और पुलिस प्रशासन की व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वहां कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था। लोगों का कहना है कि प्रशासन और पूजा कमेटी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। मौके पर एंबुलेंस तक की व्यवस्था नहीं थी और स्थानीय लोगों ने ही अपने स्तर पर राहत और बचाव कार्य किया। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि आसपास पार्क की गई गाड़ियों को समय रहते हटाया जाता या रास्ता साफ होता, तो कई जानें बचाई जा सकती थीं, क्योंकि सारी व्यवस्थाएं केवल वीआईपी मेहमानों के लिए केंद्रित थीं।
बंगाल में शोक की लहर
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि चोरबागान पूजा मंडप में भगदड़ की खबर से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने मां दुर्गा से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है और इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति देने की कामना की है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822