जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र के पिरहिंडा गांव स्थित बजरंगबली मंदिर का ताला काटकर चोर पीतल के बर्तन, दीपक, घंटी और ढोल ले गए। रान्हन मंदिर में भी चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश।
प्रवीण कुमार दुबे, सिकंदरा (जमुई)।
जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ताजा मामला पिरहिंडा गांव स्थित बजरंगबली मंदिर का है, जहां चोरों ने मुख्य द्वार का ताला काटकर मंदिर में रखे पीतल के बर्तन, दीपक, घंटी, झाल, ढोल समेत कई सामान चुरा लिए। घटना रविवार की रात की बताई जा रही है। लगातार दो मंदिरों में चोरी की खबर से क्षेत्र में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ताला काटकर मंदिर में घुसे चोर
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला काटकर वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में रखे पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन से जुड़े सामान गायब मिलने के बाद घटना की जानकारी सामने आई। चोरी गए सामान में पीतल के बर्तन, दीपक, घंटी, झाल और ढोल सहित अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
मामले को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने सिकंदरा थाने में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने घटना की जांच कर चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने और सामान बरामद करने की अपील की है।
गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है मंदिर
पिरहिंडा गांव का बजरंगबली मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रत्येक मंगलवार और शनिवार की शाम आरती के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे धार्मिक स्थल में चोरी की घटना से ग्रामीणों की भावनाएं आहत हुई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिरों में चोरी की घटनाएं केवल संपत्ति के नुकसान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं पर भी चोट पहुंचती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने की मांग की है।
रान्हन गांव के मंदिर में भी हुई थी चोरी
गौरतलब है कि रविवार की रात ही सिकंदरा थाना क्षेत्र के रान्हन गांव स्थित बजरंगबली मंदिर में भी चोरी की घटना सामने आई थी। एक ही रात में दो मंदिरों को निशाना बनाए जाने की सूचना से इलाके में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने पुलिस से दोनों घटनाओं की जांच कर जल्द खुलासा करने, आरोपितों को गिरफ्तार करने और मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या इनके तार अलग-अलग हैं।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822