एएसआई बैजनाथ प्रजापति का रामगढ़ में सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। पढ़ें पूरी खबर।


हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए सहायक पुलिस उप-निरीक्षक बैजनाथ प्रजापति का रविवार सुबह करीब छह बजे निधन हो गया। इस खबर से उनके पैतृक गांव और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिवंगत एएसआई बैजनाथ प्रजापति मूल रूप से हजारीबाग जिले के इचाक क्षेत्र के रहने वाले थे। वर्तमान में उनकी पदस्थापना (पोस्टिंग) पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा अंतर्गत तांतनगर थाना क्षेत्र में थी। हाल ही में उन्हें ड्यूटी के सिलसिले में रामगढ़ जिले के नेमरा क्षेत्र में तैनात किया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात रामगढ़ के कोठार इलाके में सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बैजनाथ प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें गंभीर हालत में रांची स्थित मेदांता अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया। हालांकि, इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

इस अचानक हुए हादसे से पुलिस महकमे में और उनके परिजनों के बीच गहरा दुख व्याप्त है। सहकर्मी और स्थानीय लोग उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822