पटना के अटल पथ पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने छह लोगों को रौंद दिया, जिनमें दो की मौत और चार घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर


पटना। राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महेशनगर के पास अटल पथ पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। यहां एक बेलगाम और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे चल रहे छह लोगों को बेरहमी से रौंद दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज वर्तमान में पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी पहले लोगों को टक्कर मारने के बाद पलट गई और फिर हवा में उछलते हुए लगभग 80 मीटर दूर जाकर गिरी। घटना की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।

मृतकों में अमरजीत कुमार (उम्र - 14 वर्ष, निवासी - गेमनचक, रामकृष्णा नगर, पटना), अंकेश कुमार (उम्र - 19 वर्ष, निवासी - पिपरा, रामकृष्णा नगर, पटना) के रूप में की गई है।

हादसे में घायल हुए चारों किशोरों का इलाज पीएमसीएच के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जिनकी पहचान रणवीर कुमार (उम्र - 14 वर्ष, निवासी - सदानीचक, परसा बाजार), मोहित कुमार (उम्र - 13 वर्ष, निवासी - परसा बाजार), दीपक कुमार राय (उम्र - 5 वर्ष, निवासी - शांति कॉलोनी, रामकृष्णानगर), प्रिंस कुमार (उम्र - 13 वर्ष, निवासी - सदानीचक, थाना परसा बाजार)।

यह दुर्घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे अटल पथ के महेश नगर पश्चिमी लेन पर घटी। स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक विभाग मामले की गहराई से जांच कर रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि स्कॉर्पियो इतनी तेज गति से क्यों चल रही थी और गाड़ी में कितने लोग सवार थे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822