आरपीएफ ने ट्रेन में चेन पुलिंग के दौरान एक बांग्लादेशी घुसपैठिए मोहम्मद सुमन मियां को गिरफ्तार किया है। आरोपी तीन महीने पहले अवैध तरीके से भारत में घुसा था और श्रीनगर में कबाड़ बीनने का काम कर रहा था। पढ़ें पूरी खबर
साहिबगंज। साहिबगंज रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेन चेकिंग के दौरान एक बांग्लादेशी नागरिक को संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बांग्लादेश के सिलहट जिले के रानीगंज गांव निवासी मोहम्मद सुमन मियां (पिता- स्वर्गीय अशमत अली) के रूप में हुई है। उसके पास से एक पुराना स्मार्टफोन और दो पुराने कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरपीएफ पोस्ट कमांडर की लिखित शिकायत पर साहिबगंज रेल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, बीती 8 अक्टूबर की रात 8:51 बजे साहिबगंज और करमटोला रेलवे स्टेशन के बीच अचानक चेन पुलिंग होने के कारण एक ट्रेन रुक गई। इस पर ट्रेन में तैनात आरपीएफ एस्कॉर्ट पार्टी सक्रिय हुई और बोगियों की जांच शुरू की। जांच के दौरान जनरल डिब्बे में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में सोया हुआ मिला। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह बांग्लादेशी नागरिक है और उसके पास गुवाहाटी तक की यात्रा का टिकट था।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि सोते वक्त गलती से उसका हाथ एसीपी हैंडल पर लग गया था, जिससे ट्रेन रुक गई। वह दिल्ली से गुवाहाटी जाने के लिए जनरल कोच में सफर कर रहा था।
गिरफ्तार मोहम्मद सुमन मियां ने खुलासा किया कि वह करीब तीन महीने पहले (जुलाई 2026 के आसपास) अवैध रूप से भारत में घुसा था। असम सीमा से सटे इलाके में एक दलाल को 10,000 रुपये देकर उसने मजदूर के रूप में भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद वह गुवाहाटी और दिल्ली होते हुए श्रीनगर पहुंचा।
श्रीनगर में उसकी मुलाकात सफर अली नामक एक कबाड़ कारोबारी से हुई, जो करीब 30 साल पहले बांग्लादेश से भारत आया था। सुमन पिछले तीन महीने से सफर अली की देखरेख में कबाड़ बीनने का काम कर रहा था। कुछ दिन पहले कबाड़ दुकान का मालिक सफर अली कारोबार समेटकर वहां से भाग गया, जिसके बाद सुमन के सामने संकट खड़ा हो गया।
कोई अन्य विकल्प न बचने पर सुमन ने असम के रास्ते वापस बांग्लादेश लौटने की योजना बनाई। योजना के तहत वह श्रीनगर से चलकर दिल्ली पहुंचा, जहां से उसने गुवाहाटी का टिकट लिया। वह 7 अक्टूबर 2026 को ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में सवार होकर वापस लौट रहा था, तभी साहिबगंज में आरपीएफ के हत्थे चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलने पर खुफिया विभाग के अधिकारियों और नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी साहिबगंज आरपीएफ पोस्ट पहुंचकर आरोपी से गहन पूछताछ की। शनिवार को आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822