भागलपुर के अकबरनगर में खैरहिया फोरलेन पर थार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर। हादसे में पिता-पुत्र समेत दो की मौत। पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज की रिपोर्ट।

कंचन क्रांति न्यूज, भागलपुर:

भागलपुर के अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरहिया के समीप फोरलेन पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थार गाड़ी और ट्रक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, रविवार को फोरलेन पर थार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01JG9409) और ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर WB73C9668) अपने-अपने रास्ते गुजर रहे थे। इसी दौरान ग्राम हरी नगर के समीप दोनों वाहन अचानक आमने-सामने आ गए और उनके बीच इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और अपनी मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास करते हुए पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दो को घोषित किया मृत

घटना की सूचना मिलते ही अकबरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रामाशीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य घायल का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों की पहचान पटना सिटी निवासी अमर सिंघानिया और उनके पुत्र संजय सिंघानिया के रूप में हुई है। हादसे का शिकार हुई थार पर कुल तीन लोग सवार थे, जिसमें ड्राइवर गोलू, संजय सिंघानिया और उनके पिता अमर सिंघानिया शामिल थे।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह दुर्घटना किन परिस्थितियों में और किस वाहन की लापरवाही के कारण हुई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822