शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर बीबोस की पाठ्यपुस्तकों के सुधार के लिए एससीईआरटी में आयोजित 6 दिवसीय कार्यशाला संपन्न। एनईपी 2020 के तहत पठन सामग्री को विद्यार्थी-केंद्रित बनाने पर जोर।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना:

बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) की स्व-अधिगम सामग्री और पाठ्यपुस्तकों को अधिक व्यावहारिक व आधुनिक बनाने के उद्देश्य से आयोजित छह दिवसीय कार्यशाला का शनिवार को समापन हो गया। महेंद्रू स्थित राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) में आयोजित इस समीक्षा कार्यशाला का आयोजन बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देशों के आलोक में किया गया था।

 

एनईपी 2020 और एनसीएफ 2023 के मानकों पर समीक्षा

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCF-SE) 2023 की सिफारिशों के अनुरूप बीबोस की अध्ययन सामग्री को अद्यतन करना था। तीन चरणों में आयोजित इस कार्यशाला में एससीईआरटी द्वारा नामित विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ शिक्षकों ने भाग लिया।

 

कार्यशाला के दौरान भाषा, शिक्षाशास्त्र, सामाजिक विज्ञान, कला, वाणिज्य, विज्ञान, गणित, कंप्यूटर, गृह विज्ञान और व्यवसाय अध्ययन जैसे विषयों की पुस्तकों की गहन समीक्षा की गई।

 

रचनात्मकता और तार्किक चिंतन पर विशेष ध्यान

विशेषज्ञों ने शिक्षण सामग्री को अधिक सरल, उपयोगी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण संशोधन सुझाए। पाठ्यपुस्तकों में ऐसे बदलावों पर बल दिया गया है जिससे विद्यार्थियों में केवल रटने के बजाय समझ, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान का विकास हो सके।

 

बीबोस के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी (CEO) विजय कुमार ने कार्यशाला में योगदान देने वाले सभी विषय-विशेषज्ञों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुक्त विद्यालयी शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, प्रासंगिक और अद्यतन पठन सामग्री उपलब्ध कराना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

...........................................................................................

शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822