बिहार सरकार के कौशल विकास विभाग की ओर से 1 से 5 सितंबर 2026 तक जमुई, लखीसराय, मुंगेर, किशनगंज समेत 7 जिलों में नियोजन मेला आयोजित किया जा रहा है। जानिए पूरी समय-सारणी, आयोजन स्थल और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया।
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
बिहार के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से सितंबर के पहले सप्ताह में राज्य के सात जिलों में 'नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला-2026' का आयोजन किया जाएगा। निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण की इस पहल से तकनीकी एवं गैर-तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं को विभिन्न निजी कंपनियों में नौकरी पाने का मौका मिलेगा। साथ ही, मेले में अभ्यर्थियों को उनके कौशल और योग्यता के अनुरूप व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने एक करोड़ रोजगार एवं नौकरियां देने का लक्ष्य तय किया है। इसी क्रम में विभाग की ओर से लगातार रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को निजी क्षेत्र से जोड़ा जा रहा है।
1 से 5 सितंबर तक अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम
1 सितंबर: संयुक्त श्रम भवन, सोनो (जमुई) और मारवाड़ी कॉलेज मैदान किशनगंज
2 सितंबर: संयुक्त श्रम भवन (डीआरसीसी के पास), मधेपुरा
3 सितंबर : के.आर.के. प्लस-टू हाई स्कूल लखीसराय और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पूर्णिया
5 सितंबर: पोलो मैदान, किला परिसर मुंगेर और जिला स्कूल परिसर सहरसा
सभी जिलों में मेले का समय सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी
नियोजन मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को विभागीय पोर्टल detjob.bihar.gov.in पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। जो अभ्यर्थी पहले रजिस्ट्रेशन नहीं कर सकेंगे, उनके लिए आयोजन स्थल पर भी स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मेले में भाग लेने वाली कंपनियों (नियोजकों) के लिए भी पोर्टल पर पंजीकरण कराना जरूरी है। अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार मौके पर ही कंपनियों से संपर्क कर सकेंगे।
टोल-फ्री नंबर से लें जानकारी
मेले से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए विभाग ने टोल-फ्री नंबर 18002965656 जारी किया है। विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे समय से अपना पंजीकरण कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।
.......................................................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822