वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से नवी मुंबई जा रही अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 से पक्षी टकरा गया। 188 यात्रियों के साथ पायलट ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। पढ़ें पूरी खबर।



वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होने से टल गया। नवी मुंबई के लिए उड़ान भर रही अकासा एयर की फ्लाइट (QP-1430) से टेक-ऑफ के दौरान एक पक्षी टकरा गया। बर्ड स्ट्राइक की इस घटना के तुरंत बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को वापस वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया।


पक्षी के टकराते ही विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। फ्लाइट अपने निर्धारित समय शाम 7:55 बजे के बजाय दो घंटे की देरी से रात 10:00 बजे रवाना हुई थी। टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद यह हादसा हुआ, जिसके बाद रात 10:51 बजे विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। इस विमान में 182 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स समेत कुल 188 लोग सवार थे। गनीमत यह रही कि सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।


बर्ड स्ट्राइक के कारण विमान का इंजन प्रभावित हो गया था। घटना के बाद एयरलाइंस ने यात्रियों को होटल में ठहराया और अगले दिन उन्हें वैकल्पिक उड़ानों से गंतव्य के लिए भेजा। हालांकि, इस पूरी परेशानी से आजिज आकर 25 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी। विमान की मरम्मत के लिए मुंबई से विशेष इंजीनियरों की टीम बुलाई गई, जिन्होंने बुधवार रात तक मरम्मत का काम पूरा किया। इसके बाद बुधवार रात 8:30 बजे यह विमान केवल क्रू मेंबर्स को लेकर मुंबई के लिए रवाना हुआ।


यह वही विमान था जिसे वाराणसी आने से पहले मुंबई में एक बीमार यात्री के लिए मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। इसी वजह से यह फ्लाइट दो घंटे देरी से वाराणसी पहुंची थी और फिर वापसी की उड़ान में बर्ड स्ट्राइक का शिकार हो गई।


वाराणसी एयरपोर्ट पर बर्ड स्ट्राइक के खतरे को लेकर दैनिक जागरण ने गुरुवार के अंक में ही एयरपोर्ट प्रशासन को आगाह किया था। इसके बावजूद कोई कड़ा कदम नहीं उठाया गया, जिससे यह घटना घटी। इस हादसे ने एयरपोर्ट परिसर के आसपास की सुरक्षा और पक्षियों को रोकने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।