साहिबगंज-महाराजपुर रेलखंड पर गंगा कटाव के कारण छठे दिन भी ट्रेनों का परिचालन ठप है। रेलवे ट्रैक को बचाने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है, लेकिन बढ़ते जलस्तर से मुश्किलें बढ़ गई हैं
साहिबगंज। साहेबगंज-महाराजपुर रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन लगातार छठे दिन भी पूरी तरह ठप बना हुआ है। 20 ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। महाराजपुर क्षेत्र में गंगा नदी के भीषण कटाव की सीधी जद में रेलवे पटरी आ गई है, जिसे सुरक्षित बचाने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर कवायद की जा रही है।

गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने और पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण विभाग द्वारा किए जा रहे कटावरोधी कार्य फिलहाल बेअसर साबित हो रहे हैं। पानी का दबाव इतना अधिक है कि बालरी बोरियों और अन्य सुरक्षा उपायों से किए जा रहे प्रयास तुरंत बह जा रहे हैं, जिससे इंजीनियरों और तकनीकी टीम की चिंताएं काफी बढ़ गई हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मालदा डिवीजन के डीआरएम खुद घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। वे पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और पटरियों को सुरक्षित रखने तथा रेल यातायात को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों व इंजीनियरों की टीम के साथ हर मुमकिन रणनीति पर काम कर रहे हैं।

इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन ठप होने से इस रूट से यात्रा करने वाले आम यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है या उन्हें आंशिक रूप से रद्द किया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में आते ही और पटरियों के सुरक्षित होने के बाद ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य किया जा सकेगा।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822