गोड्डा के बोहरा गांव में मां काली पूजा समिति की सांस्कृतिक संध्या में हजारों लोग जुटे। विधायक प्रदीप यादव की गीत प्रस्तुति, 200 हेलमेट वितरण और नशामुक्ति संदेश रहे आकर्षण।

जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।  

पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव के पैतृक गांव बोहरा स्थित सर्वोदय हाट में मां काली पूजा समिति के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मनोरंजन, संगीत और नृत्य के साथ सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, गरीबों के प्रति संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और कला प्रेमियों की भीड़ उमड़ी।

सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव की अनूठी प्रस्तुति रही। उन्होंने एक वृद्ध फकीर का रूप धारण कर गले में हारमोनियम लटकाया और मंच पर अपनी गायकी से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान उन्होंने 'तुम गरीबों की सुनो, वो तुम्हारी सुनेगा' और 'औलाद वालों फूलो फलो' जैसे लोकप्रिय गीतों को भावुक अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

200 हेलमेट बांटकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष पहल की गई। विधायक के पुत्र एवं यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अर्कादित्य यादव तथा मां काली पूजा समिति के संयुक्त तत्वावधान में करीब 200 हेलमेट का वितरण किया गया। इस मौके पर दोपहिया वाहन चालकों से वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की गई। आयोजकों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और जान के नुकसान को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में गोड्डा के एसडीओ बैद्यनाथ उरांव, एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, डीएसपी मुख्यालय जेपीएन चौधरी सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे। अजीत कुमार महात्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।

गीतों के जरिए नशामुक्ति का संदेश

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधायक प्रदीप यादव के दोनों पुत्रों अर्कादित्य यादव और डॉ. ऋत्विज ने भी मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। दोनों ने मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया। विशेष रूप से 'चल चल मेरे भाई' गीत की तर्ज पर प्रस्तुत एक गीत के माध्यम से छोटे भाई को बड़े भाई को शराब सेवन से रोकते हुए दिखाया गया। इस प्रस्तुति के जरिए नशे की आदत से दूर रहने और परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

क्विज और डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

कार्यक्रम में सांस्कृतिक गतिविधियों को और रोचक बनाने के लिए क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा विभिन्न जिलों से पहुंची डांस अकादमियों के प्रतिभागियों के बीच सोलो और ग्रुप डांस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी कला और नृत्य कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आयोजकों की ओर से पुरस्कृत किया गया।

पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जागरूकता का समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने इसे उत्सवी माहौल प्रदान किया।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822