गिद्दी में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल द्विवेदी की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या। अपराधियों ने पत्नी के हाथ-पांव बांधकर दिया वारदात को अंजाम। पढ़ें पूरी खबर


रामगढ़/गिद्दी। झारखंड के रामगढ़ जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार की देर रात दो नकाबपोश अपराधियों ने घर में घुसकर एक सीसीएल कर्मी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना के वक्त मृतक की पत्नी भी घर में मौजूद थी, जिसे अपराधियों ने बंधक बना लिया था। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय मंगलेश पाल द्विवेदी के रूप में हुई है, जो सीसीएल के पिपरवार स्थित आम्रपाली प्रोजेक्ट में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, मंगलेश पाल द्विवेदी का पैर फ्रैक्चर हो गया था, जिसके इलाज के लिए वे सीसीएल के गांधी नगर अस्पताल में भर्ती थे। इलाज के बाद वे मात्र दो दिन पहले ही अपने घर लौटे थे और आराम कर रहे थे।

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार की देर रात करीब 12:30 बजे की है। घटना के वक्त घर में सिर्फ मंगलेश और उनकी पत्नी मौजूद थे। मंगलेश अपने बिस्तर पर बैठकर मैच देख रहे थे और उनकी पत्नी भी जगी हुई थीं। इसी दौरान घर का दरवाजा खुला पाकर दो नकाबपोश अपराधी अंदर घुस आए।

घर में घुसने के बाद अपराधियों ने तुरंत मंगलेश की पत्नी को अपने कब्जे में ले लिया और उनके हाथ-पांव बांध दिए ताकि वे शोर न मचा सकें। इसके बाद अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल द्विवेदी की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रविवार सुबह आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश और डर है कि घर के अंदर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822