अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा युवा संगठन के राष्ट्रीय महासचिव बने चंद्रशेखर खवाड़े। बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर को मिला राष्ट्रीय मंच पर सशक्त प्रतिनिधित्व।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।  

 अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा (पंजीकृत) के युवा संगठन में बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) का मान बढ़ा है। पंडा धर्म रक्षिणी सभा देवघर (झारखंड) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चन्द्र शेखर खवाड़े को महासभा के राष्ट्रीय युवा संगठन में राष्ट्रीय महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवरात्रि और विजयादशमी के पावन अवसर पर घोषित इस नई कार्यकारिणी के बाद देवघर के तीर्थ पुरोहित समाज में उत्साह और हर्ष का माहौल है।

महासभा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अरविंद मुरलीधरन के नेतृत्व में जारी नई सूची में देश भर के प्रमुख तीर्थस्थलों से जुड़े युवा पुरोहितों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। इसमें चन्द्र शेखर खवाड़े को राष्ट्रीय महासचिव बनाकर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर सुनिश्चित किया गया है।

महासभा की ओर से जारी आधिकारिक संदेश में कहा गया कि वरिष्ठ तीर्थ पुरोहितों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से संगठन को सशक्त, एकजुट और संगठित बनाने की दिशा में यह एक नई शुरुआत है। संगठन का मुख्य उद्देश्य तीर्थ पुरोहित समाज की प्राचीन परंपराओं व धार्मिक मान्यताओं की रक्षा करना, सामाजिक एकता स्थापित करना तथा युवा पीढ़ी को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

देवघर तीर्थ पुरोहित समाज की आवाज को मिलेगा व्यापक मंच चन्द्र शेखर खवाड़े की इस नियुक्ति को देवघर और बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर देवघर को प्रतिनिधित्व मिलने से स्थानीय तीर्थ पुरोहित समाज की समस्याओं और उनके हितों को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा।

संस्कृति संरक्षण और समन्वय पर रहेगा जोर अपनी इस नई भूमिका में चन्द्र शेखर खवाड़े तीर्थ पुरोहितों के अधिकारों, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, युवा पुरोहितों के मार्गदर्शन तथा देश के विभिन्न प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का काम करेंगे।

स्थानीय तीर्थ पुरोहित समाज का मानना है कि वरिष्ठ पुरोहितों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के तालमेल से महासभा और अधिक सशक्त होगी, जिससे पूरे देश के तीर्थस्थलों की समस्याओं के समाधान और संगठनात्मक एकजुटता को एक नई दिशा मिलेगी।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822