गोड्डा में वृहद झारखंड कला संस्कृति मंच और कुड़मि समुदाय द्वारा 'डहरे करम बेड़हा 2026' का आयोजन किया गया। पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-मांदर की थाप और लोकनृत्य से सजी भव्य शोभायात्रा की विस्तृत रिपोर्ट पढ़ें।


गोड्डा। वृहद झारखंड कला संस्कृति मंच के बैनर तले गोड्डा जिले में कुड़मि समुदाय की ओर से 'डहरे करम बेड़हा 2026' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को झारखंड की लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया। पारंपरिक वेशभूषा, गूंजते लोकगीत और ढोल, नगाड़ा तथा मांदर की थाप ने इस आयोजन को बेहद खास बना दिया।

शोभायात्रा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रंगमटिया स्थित हूल विद्रोह के महानायक वीर शहीद चानकु महतो स्मारक स्थल से आरंभ हुई। यह यात्रा पारंपरिक तरीके से आगे बढ़ते हुए शहर के रौतारा चौक और कारगिल चौक से होते हुए गोड्डा कॉलेज मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। इस आयोजन में गोड्डा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवती और युवा शामिल हुए।

शोभायात्रा के दौरान कुड़मि समुदाय के लोगों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक लाल पाड़ साड़ियां पहनी थीं, जबकि पुरुष पारंपरिक अंदाज में गंजी, गमछा और धोती में नजर आए।

प्रतिभागियों के हाथों में पारंपरिक वाद्ययंत्र थे। ढोल, नगाड़े और मांदर की थाप के साथ लोग पारंपरिक करम गीत गाते हुए आगे बढ़ रहे थे।

यात्रा के दौरान कारगिल चौक पर विशेष आकर्षण देखने को मिला। चौक के टावर के चारों ओर युवतियों और महिलाओं ने गोलबंद होकर पारंपरिक नृत्य किया। मांदर और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज पर सामूहिक नृत्य देख सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ मंत्रमुग्ध हो गई। इस दौरान सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था के लिए कारगिल चौक के आसपास कुछ समय के लिए यातायात को डायवर्ट करना पड़ा था।

गोड्डा कॉलेज मैदान पहुंचकर इस भव्य शोभायात्रा का समापन किया गया। आयोजन को लेकर कुड़मि समुदाय के लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और लोकनृत्य से जोड़ना तथा झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना रहा।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822