जलनिकासी व्यवस्था ठप होने से कीचड़ और दुर्गंध का सामना कर रहे लोग, श्रद्धालुओं को भी हो सकती है परेशानी; ग्रामीणों ने प्रशासन से समाधान की उम्मीद जताई

प्रवीण कुमार दुबे, सिकंदरा (जमुई)।

भगवान महावीर की पावन धरती लछुआड़ के मुख्य चौक पर जलजमाव और गंदगी ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर जमा गंदा पानी, कीचड़ और दुर्गंध के कारण राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि सड़क से गुजरना भी चुनौती बन गया है। फिसलने और चोटिल होने का खतरा बना रहता है। ऐतिहासिक मां काली पूजा नजदीक होने के कारण स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उन्हें आशंका है कि जलनिकासी की समस्या दूर नहीं हुई तो पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

नाला बंद होने से सड़क पर जमा हो रहा पानी

स्थानीय निवासी अनिल शर्मा के अनुसार, वर्षों पहले सड़क निर्माण के साथ यहां नाले की व्यवस्था भी की गई थी। समय के साथ नाला बंद हो गया, जिससे पानी की निकासी बाधित हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि नाले के आसपास अतिक्रमण होने के कारण जलनिकासी का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। इसका खामियाजा अब स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि पानी आसपास के घरों तक पहुंचने लगता है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास के वातावरण में दुर्गंध भी फैल रही है।

मां काली पूजा से पहले समाधान की मांग

लछुआड़ में ऐतिहासिक मां काली पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में मुख्य चौक पर जलजमाव और गंदगी की समस्या आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों को डर है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो श्रद्धालुओं को कीचड़ और गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी भी इस समस्या के संबंध में आश्वासन दे चुके हैं। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि अब तक उन्हें जलनिकासी की समस्या से स्थायी राहत नहीं मिली है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मां काली पूजा से पहले नाले की स्थिति की जांच कराई जाए, अतिक्रमण की शिकायतों की पड़ताल हो और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और पूजा से पहले लोगों को जलजमाव व गंदगी से राहत मिल पाती है या नहीं।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822