जमुई के सिकंदरा में दो दिवसीय पूजा उत्सव के बाद मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और भगवान गणेश की प्रतिमाएं शिवनाथी पोखर में विसर्जित की गईं। जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने विदाई दी।

प्रवीण कुमार दुबे, सिकंदरा (जमुई)।

जमुई जिले के सिकंदरा नगर पंचायत में दो दिनों से चल रहा मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना का धार्मिक उत्सव बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया। बड़ी दुर्गास्थान स्थित श्रीश्री 108 मां लक्ष्मी मंदिर में स्थापित मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और भगवान गणेश की प्रतिमाओं की अंतिम पूजा के बाद विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और देवी-देवताओं के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से प्रतिमाओं को विदाई दी।

विसर्जन शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकलकर सिकंदरा के मुख्य बाजार से होते हुए जमुई रोड स्थित ऐतिहासिक शिवनाथी पोखर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

सुख-समृद्धि की कामना के साथ संपन्न हुआ उत्सव

दो दिवसीय अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। अंतिम दिन पूजा-अर्चना के बाद निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान सिकंदरा नगर में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

प्रतिमा विसर्जन के साथ ही इस वर्ष का पूजा उत्सव संपन्न हो गया। इस अवसर पर पूजा समिति के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822