दरभंगा के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के रूपौली गांव में घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग सुरेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या। पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी।

कंचन क्रांति न्यूज, दरभंगा।

बिहार के दरभंगा जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के रूपौली गांव में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। अपराधियों ने घर के दरवाजे पर सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग के सिर में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान वार्ड संख्या 06 निवासी स्व. जगदीश ठाकुर के पुत्र सुरेंद्र ठाकुर (65) के रूप में हुई है, जो पेशे से फर्नीचर बनाने और बेचने का काम करते थे।

दरवाजे पर सो रहे थे बुजुर्ग

मृतक की पुत्री राखी कुमारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह खाना खाने के बाद घर के भीतर चाची के साथ सोने चली गई थीं, जबकि उनके पिता सुरेंद्र ठाकुर घर के बरामदे में चौकी पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वे उठीं और पिता को जगाने गईं, तो उनके सिर से खून बहता हुआ देखा। घर का परिसर खुला हुआ है और परिवार अंदर सो रहा था, इसलिए हत्या किसने और क्यों की, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बता दें कि मृतक की पत्नी का निधन कई वर्ष पूर्व हो चुका है और उनका इकलौता पुत्र बाहर नौकरी करता है। बुजुर्ग गांव में अपनी एकमात्र बेटी के साथ रहते थे।

पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी और थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक (FSL) जांच टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। इस दौरान जांच टीम ने शव के सिर के पास से एक जिंदा/खाली कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन छानबीन कर रही है।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822