देवघर DC सौरभ कुमार भुवानिया ने दुर्गा पूजा को लेकर दिए सख्त निर्देश। पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशामक यंत्र और वालंटियर्स अनिवार्य। सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी निगरानी।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने सभी पूजा समितियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे पंडालों में पर्याप्त संख्या में अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguishers) और सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं। इसके अलावा, पहचान पत्र के साथ पर्याप्त संख्या में वालंटियर्स की तैनाती, बिजली विभाग से अस्थायी विद्युत कनेक्शन और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रतिनियुक्त अधिकारियों का करें सहयोग
उपायुक्त ने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पूजा समितियां पूरा सहयोग प्रदान करें, ताकि किसी भी पंडाल में अव्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो।
प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ पूजा पंडाल की अपील
देवघर को पर्यावरण के अनुकूल और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान डिस्पोजेबल प्लास्टिक ग्लास, प्लेट या थर्मोकोल से बनी सामग्रियों का उपयोग बिल्कुल न करें। जिले को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने में जन-सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी कड़ी निगरानी
त्योहार के दौरान शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को उपायुक्त ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन की आईटी और साइबर सेल 24 घंटे सक्रिय रहेगी। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक खबर या आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत से लेकर जिला स्तर तक प्रशासन अलर्ट
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), अंचलाधिकारियों (CO) और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) और अनुमंडल पुलिस अधिकारियों (SDPO) को विधि-व्यवस्था, पार्किंग और ट्रैफिक कंट्रोल पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822