देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जनता दरबार में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया। अवैध कब्जा हटाने और दिव्यांग को ट्रायसाइकिल देने का सख्त निर्देश जारी।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन, मुआवजा, राशन कार्ड, पेंशन, आवास और 'झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना' से जुड़ी अपनी शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने सभी फरियादियों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और जांच कराकर जल्द से जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पेंशन और राजस्व से संबंधित कई मामलों का ऑन द स्पॉट निराकरण किया गया। इसी क्रम में उपायुक्त ने जनता दरबार में पहुंचे दिव्यांग शंभु को तत्काल ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया।

अवैध जमीन कब्जे पर कड़ा रुख

सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों और राजस्व उप-निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी जमीनों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी अतिक्रमण के मामले सामने आए हैं, वहां तुरंत मापी कराकर कानूनी नोटिस जारी करें। तय समय में कब्जा न हटाने पर बलपूर्वक अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने विभिन्न विभागों से संबंधित आए अन्य आवेदनों की भौतिक जांच कराने और एक सप्ताह के भीतर निष्पादन रिपोर्ट (प्रतिपुष्टि) उपायुक्त कार्यालय में समर्पित करने का सख्त निर्देश अधिकारियों को दिया है, ताकि शिकायतों के निवारण की निरंतर निगरानी की जा सके।