देवघर में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने झामुमो के आंदोलन को नाकामी छिपाने का जरिया बताया। उन्होंने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक 2026 झारखंड के विकास के लिए बेहद जरूरी है।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
खान एवं खनिज संशोधन विधेयक को लेकर राज्य में गरमाई सियासत के बीच गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार पर तीखा हमला बोला है। शनिवार शाम देवघर जाने के क्रम में सारठ चौक पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने स्पष्ट कहा कि झामुमो का आंदोलन जनता को बरगलाने और अपनी नाकामियों को छिपाने का एक ढोंग मात्र है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हेमंत सरकार के दिन अब पूरे हो चुके हैं, वे चाहे जितना आंदोलन कर लें, अंततः उन्हें सत्ता से बाहर होना ही पड़ेगा।
खनिज संशोधन विधेयक को बताया वरदान
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने केंद्र सरकार के नए कानून का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 झारखंड सहित देश के अन्य खनिज संपन्न राज्यों के विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। केंद्र सरकार ने यह कानून खनिज संपदा की हो रही लूट-खसोट को रोकने और राज्यों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए बनाया है, जिससे उन तत्वों को आपत्ति हो रही है जिनका स्वार्थ इसमें निहित था। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड जैसे नव-गठित राज्य आज विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जबकि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर होने के बावजूद पिछड़ गया है।
झारखंड गठन के 26 वर्षों का जिक्र करते हुए सांसद ने राज्य की बदहाली पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इन ढाई दशकों में भाजपा शासनकाल के दौरान लगे अडानी पावर प्लांट को छोड़कर एक भी बड़ा उद्योग या प्रोजेक्ट धरातल पर नहीं उतरा। पिछले 8 वर्षों में राज्य सरकार की ओर से एक भी ऐसी जनहितैषी नीति नहीं बनाई गई जो विकास को गति दे सके।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गृह क्षेत्र बरहेट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लगातार कांग्रेस और झामुमो का कब्जा रहने के बावजूद आज भी वह क्षेत्र बुनियादी विकास से कोसों दूर है। पाकुड़ से गोड्डा रेलवे लाइन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के असहयोग के बावजूद केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सहयोग से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
अंत में कोयला चोरी के मामलों और हालिया प्रशासनिक विवादों का हवाला देते हुए सांसद ने कहा कि झारखंड की जनता अब सब समझ चुकी है और विकास विरोधी ताकतों को करारा जवाब देगी।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822