देवघर में दुर्गा पूजा-2026 को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। पूजा पंडालों में CCTV, फायर सेफ्टी और बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। डीजे पर रहेगा प्रतिबंध।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

 आगामी दुर्गा पूजा-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर देवघर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी देवघर श्री रवि कुमार की अध्यक्षता में 8 अक्टूबर 2026 को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात, पंडालों में बुनियादी सुविधाओं और प्रतिमा विसर्जन समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पूजा समितियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने पंडालों में बिजली, सुरक्षित पेयजल, अग्निशमन व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

सभी पूजा पंडालों में CCTV लगाना अनिवार्य

सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पूजा पंडालों में CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य बताया। उन्होंने संबंधित पूजा समितियों को कैमरों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पूजा के दौरान आने-जाने वाले लोगों और पंडाल परिसर की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके।

डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

बैठक में ध्वनि प्रदूषण और विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं ध्वनि विस्तारक यंत्रों और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को निर्धारित नियमों के अनुरूप नियंत्रित रखने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

विसर्जन रूट और समय-सारणी तय करने का निर्देश

प्रतिमा विसर्जन को सुचारु और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को विसर्जन रूट और समय-सारणी को लेकर आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।

पूजा समितियों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया

बैठक में देवघर अनुमंडल क्षेत्र की शांति समिति के अध्यक्ष, सचिव और सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। सदस्यों ने दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सहयोग का भरोसा दिया।

बैठक में देवघर अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त सहित शांति समिति के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य उपस्थित रहे।

.....................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822