देवघर के देवीपुर में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई। दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब, स्प्रिट और दो तस्कर गिरफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग को अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार, उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 16 अक्टूबर 2026 को देवीपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब, स्प्रिट, खाली बोतलें और अन्य सामग्रियां जब्त की गईं, साथ ही मौके से दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पहला छापा: कुबरी गांव से 39 पेटी अवैध शराब और स्प्रिट बरामद
कार्रवाई के पहले चरण में उत्पाद टीम ने देवीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम-कुबरी में छापेमारी की। यहाँ से टीम ने रंजीत कुमार (24 वर्ष, पिता- भागवत मंडल, निवासी- डुबा, थाना- सारवां) को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
इस ठिकाने से भारी मात्रा में अवैध शराब और निर्माण सामग्री बरामद हुई। बताया गया कि कुल 39 पेटी (351 लीटर) अवैध विदेशी शराब पकड़े गए। जिनमें 11 पेटी इकोनिक, 11 पेटी रॉयल स्टैग और 17 पेटी रॉयल चैलेंज शामिल हैं। इसके अलावा 20 लीटर स्प्रिट और 8 पीस खाली जरकीन और करीब 500 खाली बोतलें (8 बोरा), खाली कार्टन और 1 मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इस मामले में गिरफ्तार रंजीत कुमार के अलावा संलिप्त अन्य अभियुक्तों बिनोद यादव उर्फ गुड्डू यादव, संतोष किस्कू/सोरेन और मंटू यादव के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की गंभीर धाराओं (47(a), 47(b), 47(d) एवं 52(d)) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दूसरा छापा: कुबरी मोड़ के पास से तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दूसरे चरण में उत्पाद टीम ने ग्राम-कुबरी मोड़ के पास एक अन्य ठिकाने पर दबिश दी। यहाँ से नथानी वर्मा (36 वर्ष), पिता त्रिपुरारी वर्मा, निवासी बनवरिया, थाना सारवां को गिरफ्तार किया गया।
यहाँ से 5 पेटी (45 लीटर) अवैध विदेशी शराब जिनमें दो पेटी ब्लेंडर्स प्राइड और तीन पेटी रॉयल चैलेंज बरामद किया गया। तस्करी में प्रयुक्त एक हीरो पैशन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन पकड़ा गया है। इस मामले में नथानी वर्मा के साथ-साथ प्रमोद वर्णवाल, बिनोद यादव उर्फ गुड्डू यादव और पंकज वर्णवाल के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धाराओं (47(a), 52(d) एवं 66) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग की छापेमारी लगातार जारी है।
इस अभियान को अंजाम देने वाली उत्पाद विभाग की टीम में अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार एवं निलेश कुमार सिन्हा, सहायक अवर निरीक्षक अवधेश कुमार, परमेश्वर मुर्मू एवं दशरथ मंडल, उत्पाद सिपाही राहुल कुमार तथा सशस्त्र गृहरक्षक के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822