देवघर के मोहनपुर स्थित बलिया चौकी में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी। मिलावटी मिठाई व चाशनी नष्ट, एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स हटाने का आदेश। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार (16 अक्टूबर 2026) को विभाग की विशेष टीम ने मोहनपुर प्रखंड के बलिया चौकी क्षेत्र में स्थित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर सघन जांच सह निरीक्षण अभियान चलाया।
वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में हुई जांच
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव एवं श्रीमती अंजलि विवा मिंज के नेतृत्व में की गई। टीम ने क्षेत्र के प्रमुख प्रतिष्ठानों—शिवम स्वीट्स, युवराज ढाबा फैमिली रेस्टोरेंट, हरेंद्र मिष्ठान भंडार, राजेश मिष्ठान भंडार, गोविंद मिष्ठान भंडार और गोविंद पान भंडार आदि में स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का मुआयना किया।
मिलावटी बालूशाही नष्ट कराई, एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स बाजार से हटाने का आदेश
निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। शिवम स्वीट्स में हानिकारक एवं अखाद्य रंग मिलाकर बनाई गई 5 किलोग्राम बालूशाही और 7 किलोग्राम चाशनी को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। इसी तरह हरेंद्र मिष्ठान भंडार में एक्सपायर्ड ऑरेंज कोल्ड ड्रिंक और पेप्सी की बिक्री पाए जाने पर उन्हें तुरंत बाजार से रिकॉल (वापस लेने) करने का सख्त निर्देश दिया गया।
जांच के क्रम में कई प्रतिष्ठानों में खाद्य लाइसेंस (FSSAI License), वाटर टेस्ट रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट से जुड़ी कमियां सामने आईं। कई दुकानों में लाइसेंस प्रदर्शित नहीं किया गया था, तो कुछ के पास वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे। अधिकारियों ने सभी संबंधित कारोबारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज बनवाने और मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, वैध लाइसेंस प्राप्त कर दुकान में प्रदर्शित करें और उपभोक्ताओं को केवल शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही बरतने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822