देवघर में बालू और गिट्टी के अवैध कारोबार व तस्करी को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने प्रशासन और सरकार पर बोला तीखा हमला। पढ़ें पूरी खबर।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।  

 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर देवघर जिले में बालू, गिट्टी और लॉटरी के अवैध कारोबार के चरम पर होने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि यह सब जिला प्रशासन की देखरेख में हो रहा है।

 भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) तक बार-बार मौखिक सूचना देने और वीडियो प्रमाण उपलब्ध कराने के बावजूद, पुलिस अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी मदद कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नेताओं पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया है।

अवैध तस्करी और वसूली का आरोप

प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि रात होते ही देवघर जिले के सभी बालू घाटों पर सैकड़ों ट्रैक्टर पहुंच जाते हैं। बालू को किसी गुप्त स्थान पर डंप किया जाता है और फिर आधी रात के बाद जेसीबी के माध्यम से हाईवा ट्रकों में लोड करके दूसरे राज्यों में तस्करी की जाती है।  बालू के दाम को लेकर कहा गया कि पहले जो बालू आम लोगों को 1,000 रुपये में मिलती थी, वह अब 3,000 रुपये में मिल रही है और जो बालू 2,000 रुपये में मिलती थी, वह अब 6,000 रुपये तक में बिक रही है। बढ़ी हुई कीमत की यह मोटी रकम पुलिस प्रशासन और प्रभावशाली लोगों की जेब में जा रही है। स्थानीय स्तर पर छोटे ट्रैक्टर चालकों को परेशान किया जाता है, जबकि दूसरे राज्यों में बालू की तस्करी करने वाले माफियाओं को सुरक्षित एस्कॉर्ट के जरिए भेजा जाता है।

खनिज संपदा के दोहन पर चेतावनी

भाजपा जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से नदियां खोखली होती जा रही हैं, जिससे आने वाले भविष्य में आम लोगों के लिए बालू मिलना भी दूभर हो जाएगा। उन्होंने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जल-जंगल-जमीन की बात करने वाली सरकार खनिज संपदा को दोनों हाथ से लूट रही है। अवैध खनन का विरोध करने या रोकने वालों को माफियाओं द्वारा धमकी दी जाती है और झूठे मुकदमों में फंसाने की बात कही जाती है। अंत में सवाल उठाया गया है कि क्या यह अवैध कारोबार और अवैध उगाही यूं ही लगातार चलती रहेगी?

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822