देवघर जिले के मधुपुर SDPO सत्येन्द्र कुमार प्रसाद पर भू-माफियाओं, बालू व लॉटरी कारोबारियों से सांठ-गांठ के आरोप में गृह विभाग ने DGP और DC को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सत्येन्द्र कुमार प्रसाद पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। विभाग के अवर सचिव धनेश कुमार द्वारा पुलिस महानिदेशक (DGP) झारखंड और देवघर के उपायुक्त (DC) को पत्र जारी कर मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
अवैध कारोबार और भू-माफियाओं से सांठ-गांठ का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवघर जिले के पथरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बघनाडीह गांव निवासी चंदन ठाकुर (पिता- सुरेन नापीत) ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को एक आवेदन सौंपा था। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मधुपुर SDPO सत्येन्द्र कुमार प्रसाद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और क्षेत्र में भू-माफियाओं, भ्रष्टाचारियों, अवैध बालू कारोबारियों, अवैध लॉटरी संचालकों तथा सूदखोरों को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। साथ ही आदिवासी और मूलवासियों की जमीनों पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों को दबाने का भी आरोप लगाया गया है।
सेवा से बर्खास्तगी और CBI/ED जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने सरकार से मांग की है कि इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके साथ ही मधुपुर SDPO को पद एवं सेवा से तत्काल बर्खास्त करने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय सीबीआई (CBI) या प्रवर्तन निदेशालय (ED) से निष्पक्ष जांच कराने की अपील की गई है।
गृह विभाग ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह विभाग के अवर सचिव धनेश कुमार ने DGP झारखंड और देवघर DC को शिकायती पत्र की प्रति संलग्न करते हुए वर्णित तथ्यों के आलोक में नियमानुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पत्र की प्रतिलिपि आवेदक को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822